सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालग्राम पर दवाओं का वितरण न करके कूड़ेदान में फेंकने व जलाने के मामले की शिकायत पर एसडीएम तिर्वा ने औचक छापा मारा। इस दौरान कूड़ेदान में जली हुई व अधजली दवाएं मिलीं।
फार्मासिस्ट को फोन पर बुलाने के बाद भी वह रिकार्ड सत्यापन के लिए मौके पर नहीं आए। रविवार होने के चलते सभी डाक्टर व कर्मचारी छुट्टी पर रहे। इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं भी बंद मिलीं। वहीं, एसडीएम में ताहपुर में एक मेडिकल स्टोर व नर्सिंग होम में छापा मारा।
रविवार दोपहर बाद एसडीएम तिर्वा राजेश कुमार यादव ने जिलाधिकारी जगदीश प्रसाद के आदेश पर सीएचसी तालग्राम में स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से दवा वितरण न करके कूड़े में फेंकने व जला देने के मामले की जांच की। प्रभारी डा. अजय यादव मौके पर मौजूद मिले। उनके सामने जली पड़ी व कुछ अधजली दवाओं के सैंपल लिए। जबकि फार्मासिस्ट विजय वर्मा को मोबाइल कर कागजों के सत्यापन के लिए मौके पर बुलाया गया। लेकिन वह किसी काम में व्यस्त होने के कारण नहीं आ सके।
एसडीएम तिर्वा ने ताहपुर के एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। छापे के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक मौके से फरार हो गया। वहीं, मेडिकल स्टोर के पीछे नर्सिंग होम संचालित होते मिला है। यहां पर मानक अधूरे मिले। कोई डाक्टर भी नहीं मिला। एसडीएम ने मेडिकल संचालक से कागजात दिखाने की बात कही है।
एमओआईसी डा. अजय यादव का कहना है कि कूड़ेदान में दवाएं कैसे आईं, वह पूरी जांच करेंगे। इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम तिर्वा राजेश यादव का कहना है कि जली हुई व आधी जली दवाओं के सैंपल लिए गए हैं। डीएम को रिपोर्ट भेजी जा रही है। ताहपुर में मेडिकल स्टोर संचालक कागजात नहीं दिखा सका है। उसे दो दिन का समय दिया गया है। जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी जाएगी।
शराब की कई शीशियां भी मिली
तालग्राम। अस्पताल परिसर में जांच के दौरान कूड़े के ढेर में दवाओं के साथ दो दर्जन से अधिक शराब की शीशियां भी मिली हैं। अस्पताल परिसर में मदिरा सेवन पर एसडीएम तिर्वा ने नाराजगी दिखाई। वहीं, स्वास्थ्य कर्मी बचाव करते नजर आए। एसडीएम तिर्वा ने बताया कि घोर अनियमितताएं मिली हैं। डीएम को लिखा गया है।