तोड़ी गई सेफ दिखाता गृहस्वामी का पुत्र।
- फोटो : अमर उजाला
दीक्षितान मोहल्ले में भाजपा नेता के घर मंगलवार रात ताला तोड़कर चोरों ने घर से लाखों के जेवर, नगदी और अन्य कीमती सामान पर कर दिया। मकान मालिक अपनी पत्नी का इलाज करने नोएडा गए हुए हैं। कोतवाली पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। मकान मालिक के बेटे ने कोतवाली में तहरीर दी है। मोहल्ला दीक्षितान निवासी राजनरायन दीक्षित भाजपा के बूथ प्रमुख हैं। वह एक प्राइवेट शिक्षण संस्था में टीचर हैं।
वह अपनी बीमार पत्नी अरुनेश दीक्षित के इलाज के लिए नोएडा गए हुए थे। घर पर ताला पड़ा था। मंगलवार रात चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। अन्य कमरों के भी ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। बुधवार सुबह पड़ोस में रह रहे उनके भाई का पुत्र मनू ने मेन गेट खुला देखा तो इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने राजनरायन को घटना से अवगत कराया। कुछ देर बाद मैनपुरी में रह रहा उनका पुत्र आशीष घर पहुंचा।
अंदर जाकर जब उसने वहां का नजारा देखा तो उसके होश उड़ गए। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। दोनों कमरों में रखी अलमारियां टूटी पड़ी थीं। लॉकर भी टूटे पड़े थे। उसने बताया कि चोर दो जोड़ी झुमकी, छह अंगूठी, जंजीर, पायल के अलावा करीब साढ़े तीन किलो चांदी के जेवरात व चांदी के 17 सिक्के, पूजा घर में रखी चांदी की मूर्तियां और बाइक खरीदने के लिए सेफ में रखे 60 हजार रुपये समेत अन्य कीमती सामान चोरों ने पार कर दिया है। उन्होंने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण कर घटना के बारे में जानकारी ली।