बुधवार की देर रात बीमार बेटे को दवा दिलाने गुरसहायगंज अस्पताल जा रही महिला की बाइक फिसलने से मौत हो गई। वहीं दोनो पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल पुत्र हेलमेट नहीं लगाए थेे। इससे उनके सिर पर गंभीर चोंटे आईं हैं।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के गढ़िया कछपुरा निवासी रुखसाना बेगम (50) पत्नी शहाबुद्दीन के पुत्र अजहरुद्दीन (24) के पेट दर्द होने लगा। रात में दर्द असहनीय होने पर रुखसाना बेगम अपने छोटे पुत्र युनुस (22) के साथ दवा दिलाने के लिए गुरुसहायगंज बाइक से जा रही थी।
तभी रास्ते में जीटी रोड पर रात के अंधेरे में कुत्ते से बचने के प्रयास में बाइक फिसल गई। इससे बाइक में सवार रुखसाना की मौके पर मौत हो गई। युनुस व अजरुद्दीन के चोटें आईं हैं। ग्राम प्रधान बादशाह, सुरेंद्र, आशीष कुशवाह, लंकुश, शिवकुमार ने मार्ग दुर्घटना में मृतका के परिजनों को सहायता राशि दिलाए जाने की मांग की है।