छेड़छाड़ का विरोध करना युवती और उसके भाई को महंगा साबित हुआ। आरोपी ने युवती और उसके भाई के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। ग्रामीणों के विरोध के चलते आरोपी मौके से भाग गया। थाने पहुंचे पीड़ितों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आई है।
जसराना थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती सुबह करीब दस बजे घर के बाहर खड़ी थी। तभी गांव के ही एक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरु कर दी। युवती ने विरोध किया तो आरोपी युवक ने उसके साथ मारपीट कर दी। युवती का भाई विरोध करने पहुंचा तो आरोपी ने उसको भी पीट दिया। बहन भाई के साथ हुई मारपीट की जानकारी पर परिवारीजन ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे तो आरोपी युवक वहां से भाग गया। पीड़ित परिवारीजन पीड़ित बहन भाई को लेकर थाना जसराना पहुंचे और पुलिस को घटना से अवगत कराया। पुलिस घायल बहन भाई को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आई है। वहीं थानाध्यक्ष जसराना का कहना है कि पीड़ित पक्ष की ओर से यदि तहरीर आती है तो आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।