अनौगी जेल में हत्या के प्रयास के मामले में बंद कैदी ने चाकू से दोनों हाथ काट कर लहूलुहान कर लिए। कैदी के घायल होने की सूचना पर जेल प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। आनन-फानन में उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अनौगी जेल में हत्या के प्रयास के मामले में बंद कैदी कमालगंज (फर्रुखाबाद) के ठाकुरपुर सरइया निवासी इस्राइल पुत्र नौशाद बैरक में टहल रहा था। गुरुवार सुबह नौ बजे उसने चाकू निकाल कर अपने दोनों हाथ काटने शुरू कर दिए।
कैदी को खून से लथपथ देख अन्य कैदियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीखें सुनकर बंदी रक्षक मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना जेल अधिकारियों को दी। जेल अधिकारियों ने घायल कैदी को जिला अस्पताल भेजा। जेल में बंद कैदी के पास चाकू पहुंचने पर जेल प्रशासन पर सवालिया निशान लग रहे हैं। मालूम हो कि पूर्व में भी कैदियाें के बीच चाकू चलने से कई कैदी घायल हो चुके हैं। यदि प्रशासन ने इस ओर ध्यान न दिया तो जेल के अंदर कोई बड़ी घटना हो सकती है। जेल अधीक्षक यूपी मिश्रा घटना से इंकार कर रहे हैं।