कन्नौज। इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में मिलावटी अवैैध शराब बनाने की फैक्टरी मिलने के बाद आबकारी विभाग भी जाग गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर टीम ने जिले के तीन स्थानों पर छापा मार कर 110 लीटर कच्ची शराब बरामद की है। मौके पर एक शराब बनाने की भट्ठी को जब्त कर मौके पर मिले 700 किलो लहन को नष्ट किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र कुमार के निर्देश पर आबकारी निरीक्षक एमपी सिंह, अनिल निर्मल, अनुराग सिंह ने कच्ची शराब बनाने व बेचने पर रोक लगाने के लिए गुरसहायगंज की गिहार बस्ती व खाड़ेदेवर गांव में छापा मारा। टीम को देख शराब बनाने वाले फरार हो गए। छापे के दौरान घर के बाहर 110 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। इसी तरह इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव एनधिया में छापा मारा। यहां एक मकान में कच्ची शराब बनाई जा रही थी। टीम को देख लोग भाग निकले। भट्ठी को कब्जे में लेकर मकान मालिक को हिरासत में लिया गया। मौके से 10 लीटर शराब बरामद की गई। छापामारी के दौरान चार लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
कच्ची शराब की भट्ठी पर छापा, 110 लीटर बरामद
700 किलो लहन मौके पर किया नष्ट, आबकारी विभाग ने जिले में चलाया कच्ची शराब के खिलाफ अभियान