अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। तिर्वा में स्कूल साइकिल से जाते समय कक्षा नौ के छात्र को कुछ लोग कुछ सुंघाकर स्कार्पियो से उठा ले गए। नजरापुर में गाड़ी रुकने और डिग्गी खुली होने पर छात्र भाग कर स्टेशन पहुंच गया और आरपीएफ सिपाही को पूरा वाक्या बताया। आरपीएफ ने परिजनों को सूचना दी, इसके बाद छात्र घर पहुंच गया।
तिर्वा के मोहल्ला जवाहर नगर निवासी अमन सिंह चौहान उर्फ सोनू पुत्र जितेंद्र सिंह ने रविवार सुबह करीब छह बजे को मन्नीपुर्वा में कोचिंग पढ़ने जा रहा था। घर से कुछ दूरी पर दो लोगों ने उसे कुछ सुंघाकर काले रंग की स्कार्पियों की डिग्गी में डाल दिया। अमन के अनुसार अपहरणकर्ता रास्ते में किसी रामजी को फोन कर रहे थे। कह रहे थे कन्नौज आ रहे हैं काम हो गया है। नजरापुर के समीप गाड़ी रोक कर कहा, यहीं रुक जाते हैं, जल्दी आओ। गाड़ी रुकने पर डिग्गी खुली होने के चलते अमन भाग निकला। खेतों के रास्ते रेलवे स्टेशन पहुंच गया।
आरपीएफ कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अमन बदहवास हालत में मिला। वह ठीक से कुछ बता नहीं पा रहा था। करीब एक घंटे बाद उसने पूरी घटना बताई। इसके बाद उसकी मां व अन्य परिजनों को बुलाया गया। आरपीएफ ने किशोर को चाइल्ड लाइन को सौंप दिया। चाइल्ड लाइन ने कागजी कार्रवाई के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। किशोर की मां ने एक रामजी पर शक जताया है।
कोचिंग जाते समय छात्र का अपहरण
नजरापुर में झांसा देकर भाग निकाला
फोटो 23केएनजेपी 12- आरपीएफ थाने के बाहर मां के साथ बैठा अमन।