छिबरामऊ(कन्नौज)। शहर के जहानगंज रोड स्थित लोकभारती इंटर कालेज के पास कब्रिस्तान में व्यापारी का शव पेड़ से झूलता मिला। इससे सनसनी फैल गई। जानकारी पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। क्षेत्राधिकारी व कोतवाल समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इस बीच लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है। फोरेंसिक टीम की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
शहर के मोहल्ला सराफान निवासी रमेशचंद्र दुबे के बेटे शिवम दुबे उर्फ रिंकू (35) की पीपल चौराहे पर शंभूदयाल गुलजारीलाल एंड संस के नाम से कपड़े की दुकान है। शनिवार सुबह जहानगंड रोड स्थित लोक भारती इंटर कालेज के पास कब्रिस्तान में शीशम के पेड़ से रिंकू का शव झूलता मिला। सूचना पर क्षेत्राधिकारी शेषमणि उपाध्याय, कोतवाल बलराम मिश्रा समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताते हुए हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने जांच की। इसके बाद व्यापारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। व्यापारी की मौत से पत्नी नीतू व मां शशि समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
रात में घर नहीं पहुंचा व्यापारी
शिवम दुबे उर्फ रिंकू के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की शाम वह पश्चिमी बाईपास स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गया था। वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा। दूसरे दिन शनिवार सुबह कब्रिस्तान में शव मिला।
हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस
मौके पर पहुंची पुलिस ने पेड़ से शव को नीचे उतरवाया। कुछ देर बाद मृतक के परिजन भी पहुंच गए। परिजनों ने लोगों द्वारा मोबाइल से खींची गई पेड़ से झूल रहे शव की फोटो देखी। इस पर उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। हालांकि पुलिस आत्महत्या मान रही थी। परिजनों के विरोध के चलते कन्नौज से फोरेंसिक टीम बुलवाई गई। टीम आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के परिजनों का कहना था कि जिस डाल से फांसी का फंदा डालकर शिवम उर्फ रिंकू को लटकाया गया, उस डाल की ऊंचाई जमीन से बमुश्किल 8 फुट होगी। मृतक के दोनों घुटने मुड़े हुए थे। यह जमीन को छू रहे थे। परिजनों का आरोप था कि आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। क्षेत्राधिकारी शेषमणि उपाध्याय का कहना था कि मृतक के शरीर में चोट के निशान नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सही जानकारी हो सकेगी कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।
जंजीर, मोबाइल मिले सुरक्षित
शीशम के पेड़ से झूल रहे मृतक शिवम उर्फ रिंकू दुबे के गले में सोने की जंजीर, अंगूठी के अलावा कुर्ते की जेब में पड़ा मोबाइल व नगदी समेत अन्य सामान सुरक्षित मिला।
100 मीटर दूर पड़ी मिली बाइक
जहानगंज फर्रुखाबाद रोड से लोकभारती इंटर कालेज जाने वाले मार्ग पर मृतक शिवम दुबे उर्फ रिंकू की बाइक सड़क किनारे पड़ी थी। शव करीब 100 मीटर दूर कब्रिस्तान के पश्चिमी कोने पर शीशम के पेड़ से झूल रहा था।
कब्रिस्तान में पेड़ से झूलता मिला व्यापारी का शव
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, फोरेंसिक टीम ने की जांच, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा