कन्नौज। शहर के निकट लगे गांव बुलाकीपुर्वा में मानपुर मार्ग के किनारे बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने नगदी व जेवरों समेत लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। फोरेंसिक टीम ने मकान में लगे ताले समेत कई स्थानों से सबूत जुटाए।
सदर कोतवाली क्षेत्र के बुलाकीपुर्वा गांव निवासी रामनरेश पुत्र रामगोपाल के पुत्र की 27 अप्रैल को हत्या कर दी गई थी। तब से वह मानपुर मार्ग पर बने मकान में ताला डालकर गांव के अंदर बने मकान में रह रहे हैं। गुरुवार रात चोरों ने मकान के ताले तोड़ दिए। अंदर बक्सों में रखे 50 हजार रुपयों के अलावा एक जोड़ी कुंडल, तीन जोड़ी पायल, एक अंगूठी, मंगलसूत्र व चांदी की हाफ पेटी चोरी कर ली। इस सामान की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। सुबह पास में रहने वाले लोगों ने दरवाजा खुला देखकर रामनरेश को जानकारी दी। गेट के निकट टूटा ताला पड़ा था। मकान के अंदर सामान बिखरा था। उन्होंने यूपी 100 को सूचना दी। यहां से सदर पुलिस को सूचना दी गई।
इस पर कोतवाली प्रभारी विनोद मिश्रा, सरायमीरा चौकी प्रभारी विनीत उपाध्याय और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के मकानों में पूछताछ की। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बंद मकान से नगदी व जेवर चोरी
परिजन गांव में बने दूसरे मकान में सो रहे थे, रात दो से तीन बजे के बीच हुई घटना