कन्नौज। शहर के हाजीगंज में सालों से प्रसिद्ध कंपनियों के नाम से नकली पान मसाला बन रहा था। कानपुर की पान मसाला कंपनी के अधिकारियों की सूचना पर छापा मारा गया। मौके से छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली पान मसाला के साथ ही मशीन और अन्य सामान बरामद किया है। जानकारों के मुताबिक पान मसाला फैक्टरी का संचालन पुलिस के कुछ लोगों के सहयोग से हो रहा था।
कानपुर की प्रसिद्ध पान मसाला कंपनी कमला पसंद के चीफ विजिलेंस अधिकारी बीपी श्रीवास्तव ने मंगलवार को एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह को सूचना दी कि कंपनी के नाम से नकली पान मसाला हाजीगंज के एक मकान में बनाया जा रहा है। एसपी ने सदर कोतवाल विनोद मिश्रा को पूरे मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई के आदेश दिए। पुलिस ने हाजीगंज निवासी फारूख बेग के घर में छापा मारा। यहां नकली पान मसाला के साथ ही पैकिंग मसाला और भारी मात्रा में अन्य सामान मिला। यहां कमला पसंद के साथ ही विमल पान मसाला भी नकली बनाया जा रहा था। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह और एएसपी विनोद कुमार सिंह ने पुलिस लाइन ने पत्रकार वार्ता की। उन्होंने बताया कि मौके से पुलिस ने फारूख बेग पुत्र मासूक बेग, अतीक पुत्र सरदार अहमद, मोहम्मद सईद पुत्र अली जहीर निवासी हाजीगंज, सुल्तान आलम पुत्र मुस्ताक अली निवासी अहमदपुर रौनी, वसीर अहमद पुत्र जमील अहमद निवासी सरायधोरी थाना मल्लावां जनपद हरदोई और अरशद अली पुत्र एहजाद अली निवासी अहमदपुर रौनी कन्नौज को गिरफ्तार कर लिया। फैक्टरी संचालक फारूख बेग का भाई वसीम मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने मौके से चार बोरे से 360 पैकेट कमला पसंद पान मसाला, विमल गुटखा पान मसाला के 360 पैकेट, चार बोरा कमला पसंद की नकली तंबाकू, एक बोरी में सफेद पाउडर, पान मसाला बनाने की मशीन, कमला पसंद के खाली रैपर, सात मोबाइल और नौ हजार की नगदी बरामद की है।
पुलिस की मिलीभगत से चल रही थी फैक्टरी
हाजीगंज में नकली पान मसाला फैक्टरी का भंडाफोड़ होने के बाद सामने आया है कि आरोपी यहां सालों से नकली पान मसाला बना रहे थे। पुलिस के ही कुछ लोग सहयोग भी कर रहे थे। सूत्रों के मुताबिक हाजीगंज में पान मसाला फैक्टरी का संचालन होने की जानकारी कोतवाली पुलिस को पहले ही थी। पुलिस का ही एक खास इसमें बिचौलिया की भूमिका निभा रहा था। शहर में अभी भी कई नकली पान मसाला की फैक्टरियों संचालन हो रहा है। एसपी ने खुद स्वीकारा है कि नकली पान मसाला शहर में कुछ और जगहों पर भी बन रहा है। इनके खिलाफ जल्द बड़ी कार्रवाई की जाएगी। हाजीगंज में पान मसाला बनाने के बाद इसे हरदोई, सीतापुर से लेकर फर्रुखाबाद, कानपुर, कानपुर देहात, मैनपुरी, एटा, उन्नाव, लखनऊ और आगरा तक भेजा जा रहा था। सूत्रों के अनुसार पान मसाले का कंपाउंड आसानी से मिल जाने के कारण कन्नौज में नकली पान मसाले की फैक्टरियां तेजी से फल फूल रही हैं।
प्रसिद्ध कंपनियों के नाम से बन रहा था नकली पान मसाला, छह गिरफ्तार
पुलिस ने शहर के हाजीगंज में चल रही नकली पान मसाला फैक्टरी का किया भंडाफोड़, सालों से चल रही थी फैक्टरी, अभी तक लाखों के किए वारे न्यारे, एक आरोपी फरार, नकली पान मसाला, मशीन, मोबाइल, नौ हजार की नगदी समेत भारी मात्रा में माल बरामद