अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। दुलीना जेल में बंद हत्या के अलग-अलग मामलों के आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़े में एक हवालाती घायल हो गया। जेल प्रशासन की ओर से हवालाती को झज्जर के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घायल के बयान लेने के लिए रोहतक पीजीआई पहुंची और घायल के बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में बाघुपर गांव निवासी जसंवत पुत्र जगदेव सिंह ने कहा है कि वह हत्या के मुकदमे में दुलीना जेल में बंद है। 24 मार्च की रात को वह अपनी बैरक में लेटा हुआ था। उस समय उसके साथ ही बंद हवालाती बिरोहड़ गांव निवासी हरिकिशन ने उसके साथ झगड़ा किया और उठाकर खड्डी पर गिरा दिया। उसके बाद उसके साथ मारपीट की। जब उसने शोर मचाया तो बैरक में अन्य हवालातियों ने बीच बचाव कर उसे छुड़वाया। चोट के कारण 25 मार्च को उसकी तबीयत ज्यादा खराब हुई तो जेल कर्मचारियों ने उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई में रेफर कर दिया है। इस संबंध में पुलिस ने हरिकिशन के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दोनों पर है हत्या का आरोप
जिला कारागार में झगड़ा करने वाले दोनों हवालातियों पर हत्या के मामले दर्ज हैं। घायल हुए बाघपुर गांव निवासी जसवंत सिंह पर पिछले साल अपनी भांजी की हत्या करने का आरोप है। जबकि चोट मारने वाले बिरोहड़ गांव निवासी हरिकिशन पर 2015 में अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप है। जिला कारागार में वे एक ही बैरक में बंद थे और दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़े की सूचना पर जिला कारागार प्रशासन में भी हलचल मच गई। जेल प्रशासन के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दोनों को अलग-अलग किया। जबकि घायल को जेल में ही प्राथमिक उपचार किया और अगले दिन उसे सामान्य अस्पताल लाया गया।
आरोपी हरिसिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को अदालत से प्रोडेक्शन वांरट पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
जिले सिंह, जांच अधिकारी, पुलिस चौकी दुलीना।