कन्नौज। कोतवाली क्षेत्र के गांव उदैतापुर में 17 फरवरी को विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में हुई मौत के मामले में मृतका के भाई ने पति, ससुर व सास के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। सदर कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
हरदोई जनपद के थाना मल्लावां के राघौपुर गांव निवासी मानवेंद्र पुत्र जयपाल सिंह ने बताया कि उसने अपनी बहन जयंती देवी का विवाह शैलेंद्र सिंह उर्फ शीलू पुत्र अनिरुद्ध सिंह निवासी उदैतापुर से 13 वर्ष पहले किया था। जयंती देवी की तीन बेटियां भी हैं। ससुरालीजन उसकी बहन को आए दिन प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि उसके बहनोई के कुछ अन्य लड़कियों से भी संबंध हैं। इसका उसकी बहन विरोध करती थी। मौत से कुछ दिन पहले बहन ने उसे सूचना दी थी कि ससुरालीजन उसकी हत्या करना चाहते हैं। जब तक वह आता, उससे पहले 17 फरवरी को सूचना मिली कि बहन की मौत हो गई। पहुंचने पर उसे बताया कि गया कि बहन ने फांसी लगा ली है।
मानवेंद्र ने मृतक के पति शैलेंद्र सिंह, ससुर अनिरुद्ध सिंह व सास प्रीति सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा सदर कोतवाली में दर्ज कराया है। सदर कोतवाल विनोद सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोप सही मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पति, सास व ससुर पर हत्या का मुकदमा
17 फरवरी को विवाहिता की हुई थी संदिग्ध हालत में मौत, मृतका के भाई ने दर्ज कराया हत्या का मुकदमा