गुरसहायगंज (कन्नौज)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझपुरवा में गुरुवार रात दुकान की छत पर सो रहे टेंट कारोबारी की धारदार हथियार और लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। हमले में पत्नी और बेटा भी घायल हो गए, पत्नी को हालत गंभीर के चलते कानपुर रेफर कर दिया गया है। एसपी ने फोरेंसिक टीम और डाग स्क्वायड से मौका-ए-वारदात पर जांच पड़ताल कराई। पुलिस के हाथ कुछ सुबूत लगे हैं, जांच के लिए एक टीम भी बना दी गई है।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझपुरवा निवासी नदीम (45) पुत्र नसीम की गांव के बाहर मुरादगंज मार्ग पर टेंट की दुकान है। वह शादी- विवाह में हलवाई का भी काम करता है। गुरुवार रात बिजली नहीं आ रही थी। इससे नदीम, पत्नी आसमां बेगम और पुत्र सलमान (12) के साथ दुकान की छत पर सो रहे थे। चार अन्य बच्चे गांव वाले मकान में सो रहे थे। देर रात बदमाश छत पर चढ़ आए और नदीम, आसमां व बेटे सलमान पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। सिर और चेहरे पर कई वार होने से नदीम की मौके पर ही मौत हो गई। पिटाई से पत्नी और पुत्र बेहोश हो गए। सुबह होश आने पर सलमान ने फोन पर परिचितों को वारदात की सूचना दी। कारोबारी की हत्या की सूचना पर कोतवाल राजबहादुर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और कारोबारी की घायल पत्नी व बेटे को सीएचसी पहुंचाया।
वहां से दोनों को मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। गंभीर हालत के चलते आसमां को मेडिकल कॉलेज से कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंचे एसपी किरीट राठोड़ ने डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। एसपी ने बताया कि दुकान में सारा सामान सुरक्षित मिला है, इससे लगता है कि बदमाशों का उद्देश्य केवल हत्या करना ही था। छत पर फैले खून और टूटी चूड़ियां देखकर लगता है कि दंपति ने बदमाशों से मोर्चा लिया होगा। पुलिस की एक टीम आसमां का बयान दर्ज करने कानपुर भेजी गई है। नदीम के भाई अंसार की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। खुलासे के लिए टीम बनाई गई हैं। कुछ पुख्ता जानकारी हाथ लगी है, जिसकी मदद से आरोपियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
छत पर सो रहे टेंट कारोबारी की हत्या
पत्नी और बेटा भी गंभीर रूप से घायल, पत्नी कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर
क्रासर
एसपी ने फोरेंसिक टीम और डाग स्क्वायड से कराई जांच
अमर उजाला ब्यूरो