अमर उजाला ब्यूरो
छिबरामऊ। शहर के पश्चिमी बाईपास स्थित एक होटल पर खाना खा रहे युवक पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का आरोप है कि हमलावर उससे नगदी व मोबाइल भी लूट ले गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है।
ग्राम देवबरमपुर निवासी शिवाकांत उर्फ सोनू पुत्र राधाकृष्ण दुबे ने बताया कि 20 जुलाई को वह बाजार आया था। देर रात करीब 10 बजे वह पश्चिमी बाईपास स्थित एक होटल पर खाना खा रहा था। तभी वहां पहले से बैठे कुछ लोगों ने उसके साथ गालीगलौज शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर उन लोगों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। वह मरणासन्न हो गया। उसे उपचार के लिए सौ शैय्या अस्पताल लाया गया। बताया कि हमलावर उससे चार हजार की नगदी व मोबाइल भी लूट ले गए। पीड़ित ने चार युवकों समेत कई अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। इस संबंध में एसएसआई राजेश राठौर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
खाना खा रहे युवक को किया मरणासन्न
- होटल में खाना खाते समय बोला हमला
- घायल का आरोप नकदी व मोबाइल लूट ले गए हमलावर
- पीड़ित ने चार नामजद सहित कई अज्ञात के खिलाफ दी तहरीर