छिबरामऊ (कन्नौज)। ग्राम निगोह खास स्थित कोल्ड स्टोरेज स्वामी ने नगर के मोहल्ला रामनगर विशुनगढ़ रोड निवासी दंपति समेत दो अज्ञात के खिलाफ लगभग नौ लाख रुपये की धोखाधड़ी व धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के मोहल्ला बजरिया निवासी विमलेश कुमार दुबे का निगोह रोड पर श्रीशंभू शीतगृह प्राइवेट लि. के नाम से कोल्ड स्टोरेज है। इसमें उन्होंने अपना आलू रखा था। मेसर्स बाबा ट्रेडिंग कंपनी की प्रोपाइटर चांदनी गुप्ता व उनके पति पवन कुमार गुप्ता ने अगस्त में 10 लाख 3599 रुपये का आलू चार बार में खरीदा। उन्होंने एक लाख 4999 रुपये का भुगतान कर दिया। शेष 8 लाख 98 हजार 600 रुपये एक सप्ताह में देने का वायदा किया। बाद में चांदनी गुप्ता ने केनरा बैंक की चेक 21 जनवरी को दी। उन्होंने चेक को अपने खाते में जमा किया तो चेक का पेमेंट रोक दिया गया। दो मार्च को इन लोगों से संपर्क कर चेक का भुगतान न होने की बात कही, तब शाम पांच बजे कोल्ड स्टोरेज आने की बात कही। शाम को वह लोग दो अन्य साथियों के साथ कोल्ड स्टोरेज पहुंचे। धमकी गई कि यदि रुपया मांगा या कोई कार्रवाई की तो कोल्ड स्टोरेज में ही जान से मार दूंगा। इन लोगों ने जानबूझ कर धोखाधड़ी करते हुए चेक की कूटरचना कर रुपया हड़प लिया है। पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज स्वामी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
दंपति समेत चार के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट
-कोल्ड से आलू खरीद के बकाया 9 लाख रुपये न देने का मामला