अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। एआरटीओ कार्यालय के सहायक कैशियर को गोली मारकर 2.81 लाख की लूट करने वाले दो बदमाशों को जेल भेजने के बाद पुलिस ने फरार तीसरे लूटरे की तलाश में उन्नाव में डेरा डाल दिया। सूत्रों की मानें तो पुलिस बदमाश के करीब पहुंच चुकी है। जल्द इसका खुलासा भी किया जा सकता है।
29 अक्तूबर को एआरटीओ कार्यालय में तैनात सहायक कैशियर अनुराग पांडेय निवासी विक्रमनगर मानकनगर लखनऊ को शहर की एसबीआई के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर 2.81 लाख लूट लिए थे। सोमवार को कोतवाली पुलिस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश मो. कासिम उर्फ पप्पू पुत्र बाबू खां निवासी राजू सिंह गट्टा मझरिया थाना नौबस्ता कानपुर, सलीम उर्फ सबलू पुत्र असलम निवासी सुजानपुर हाता थाना कृष्णा नगर लखनऊ को दबोच कर जेल भेज चुकी है।
मंगलवार को पुलिस ने फरार राजू खैराती पुत्र शमशुद्धीन निवासी बांगरमऊ पंजाबी टोला उन्नाव की तलाश में उन्नाव जनपद में छापेमारी की। सूत्रों की मानें तो पुलिस राजू खैराती के करीब पहुंच गई। जल्द इसका खुलासा भी कर सकती है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार राजू खैराती बेहद खतरनाक है। उसके खिलाफ उन्नाव, लखनऊ, कानपुर में करीब 15 लूटपाट के मुकदमे दर्ज हैं। वह बाइक को और फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदातों को अंजाम देता है। कोतवाल एके सिंह ने बताया कि फरार बदमाश को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
तीसरे बदमाश के करीब पहुंची पुलिस, उन्नाव में छापेमारी
कानपुर, लखनऊ निवासी दो बदमाशों को जेल भेज चुकी है पुलिस