अमर उजाला ब्यूरो
तालग्राम (कन्नौज)। रिश्तेदार महिला की मौत के बाद संवेदना व्यक्त करने आई दो युवतियों ने यूपी 100 में तैनात सिपाहियों पर छेड़खानी का आरोप लगाया। युवतियों ने बताया कि रात को वे गली से गुजर रही थीं, तभी सिपाहियों ने छेड़खानी की। मामले की शिकायत के बाद एसपी ने तत्काल प्रभाव से दोनों सिपाहियों का स्थानांतरण कर जांच सीओ सिटी को सौंपी है।
तालग्राम के एक मोहल्ले की निवासी एक महिला की बुधवार को मौत हो गई थी। घर में शोक संवेदना व्यक्त करने रिश्तेदार पहुंचे थे। रात करीब नौ बजे यहीं आईं दो युवतियां गांधीनगर जा रही थीं कि बीएसएनएल टावर के पास एक मकान में किराए पर रहने वाले यूपी डायल 100 के दो सिपाहियों ने उनसे छेड़खानी कर दी। युवतियों के चीख-पुकार करने पर मौके पर कई लोग पहुंच गए।
मामला बढ़ता देखकर दोनों सिपाही भाग निकले। युवतियों के परिजनों ने फोन कर एसपी किरीट कुमार को जानकारी दी। इस पर तत्काल मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी राजा दिनेश सिंह ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की। युवतियों के रिश्तेदार ने दोनों सिपाहियों के खिलाफ थाना पुलिस को तहरीर दी है। एसपी ने यूपी डायल 100 से दोनों को सिपाहियों को हटाते हुए एक को कोतवाली छिबरामऊ तो दूसरे का कोतवाली गुरसहायगंज ट्रांसफर कर दिया। एसपी ने बताया कि मामले की जांच सीओ सिटी को दी गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- यूपी 100 में तैनात दोनों को सिपाहियों का एसपी ने किया स्थानांतरण
- रिश्तेदार महिला की मौत पर संवेदना व्यक्त आई दो युवतियों ने लगाया आरोप