अमर उजाला ब्यूरो
छिबरामऊ। कोतवाली क्षेत्र के बहवलपुर गांव में शुक्रवार को जमीन पर कब्जे के विवाद में फायरिंग हुई। इसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल के पुत्र ने सात नामजद सहित 15 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बेवर थानाक्षेत्र के खांकेताल गांव निवासी उपदेश कुमार सिंह राठौर की ननिहाल छिबरामऊ क्षेत्र के बहवलपुर गांव में है। यहां उसकी मां श्यामादेवी व मौसी रामादेवी को जमीन मिली है। शुक्रवार को उपदेश इस जमीन पर बावंड्रीवाल बनवा रहे थे। मौके पर पिता हेमराज, मां श्यामादेवी, मौसा अतर सिंह, मौसी रामादेवी और उपदेश का साला शिवम राठौर भी मौजूद था।
आरोप है कि सुबह करीब 10:30 बजे दो गाड़ियों से मोहल्ला सराफान निवासी अनुपम बाजपेई मोहल्ला चौधरियान निवासी अफरोज, अतिराजपुर निवासी टिल्लू तिवारी, सचिन दुबे, शिवकुमार, शिवम दुबे, मोहल्ला बिरतिया निवासी प्रदीप दुबे सहित 10-15 लोग वहां पहुंचे। इन लोगों ने गालीगलौज कर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से हेमराज घायल हो गए। इसके बाद हमलावर भाग गए। उपदेश पिता को लेकर कोतवाली पहुंचा और तहरीर दी। पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। कोतवाल संतोष कुमार व्यास ने बताया कि घायल को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
उधर, सड़क पर गिट्टी डालने के विवाद में नजरापुर गांव में शुक्रवार को दो पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। इसमें दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी को सीएचसी तिर्वा भिजवाया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली क्षेत्र के नजरापुर गांव निवासी सुमित पुत्र भगवानदास ने पुलिस को तहरीर में बताया कि गांव के अमर सिंह पुत्र रामप्रकाश ने उसके घर के पास सड़क पर गिट्टी डाल दी। जिससे निकलना मुश्किल हो रहा था। आरोप है कि शुक्रवार सुबह गिट्टी हटाने के लिए कहने पर अमर सिंह गाली-गलौज करने लगा।
विरोध करने पर प्रकाश, मुन्ना, अमर सिंह, रवि और सुमन के साथ लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में सुमित, उसके पिता भगवानदास, भाई दिलीप, बहन अनुप्रिया, मां राजरानी हो गईं। अमर सिंह ने भी दूसरे पक्ष के खिलाफ तहरीर दी है। इसमें आरोप है कि सड़क पर पडी गिट्टी समेटने के दौरान भगवानदास ने गाली गलौज की, विरोध करने पर भगवान दास, दीपू, सुमित, अतुल, रानीदेवी ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें रवि, आकांक्षा, अमर सिंह, राजरानी, सुमन व रामप्रकाश घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को तिर्वा सीएचसी में भेजा है।
कब्जे के विवाद में फायरिंग, एक घायल
सात नामजद सहित 15 के खिलाफ रिपोर्ट
फोटो 12सीएचबीपी60- घटना की जानकारी देते हेमराज।