अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। पीडब्लूडी के वरिष्ठ सहायक को पुलिस ने सोमवार को इटावा से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घर से सात लाख रुपये भी बरामद किए हैं। उस पर कर्मचारियों के पीएफ और एरियर से 28 लाख रुपये निकालने का आरोप है।
इटावा जनपद के चौबिया थाना क्षेत्र कालेपुर निवासी आलोक कुमार लोक निर्माण विभाग प्रथम कार्यालय में वरिष्ठ सहायक पद पर तैनात थे। दो माह पूर्व उन्होंने कर्मचारियों के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर पीएफ और एरियर का 28 लाख रुपये निकाल लिया था। विभागीय जांच के बाद से वह फरार हो गए थे।
12 जुलाई 2017 को अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्र ने आलोक कुमार पुत्र रविंद्रनाथ निवासी कालेपुर चौबिया इटावा के खिलाफ सदर कोतवाली में घोटाले का मुकदमा दर्ज कराया था। सोमवार को सदर कोतवाली पुलिस ने इटावा में उनके घर पर छापा मारकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस ने सात लाख रुपये भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक हरीश चंदर ने बताया कि आलोक कुमार ने करीब आधा दर्जन कर्मचारियों के नाम से अवैध ढंग से पैसा निकाल लिया था। इस पैसे से अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहे थे। जिन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
- कर्मचारियों के पीएफ और एरियर का 28 लाख रुपये निकालने का आरोप