अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। मंदिर से लौट रही छात्रा से पड़ोसी गांव के दो युवकों ने सोमवार की शाम छेड़खानी की। विरोध करने पर छात्रा को पीट कर मरणासन्न कर दिया। जानकारी पर पहुंचे छात्रा के परिजनों को भी आरोपियों ने पीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव शरीफापुर में रहने वाली 20 वर्षीय छात्रा एमए में पढ़ती है। सोमवार की रात मंदिर में पूजा कर अकेले घर लौट रही थी। सुनसान रास्ते पर आसकरनपुरवा में रहने वाले रोहितास और आलोक कुमार छेड़खानी और अश्लील हरकतें करने लगे। पीड़िता के विरोध पर दोनों युवकों ने उसे पीटकर मरणासन्न कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे पीड़िता के पिता और भाई को भी आरोपियों ने घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़िता और उसके भाई को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मंगलवार को पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रोहितास और आलोक कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। कोतवाल एके सिंह ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
- मंदिर में पूजा कर लौटते समय पड़ोसी गांव के युवकों ने की वारदात
- सूचना पर पहुंचे परिजनों को भी शोहदों ने मारपीट कर किया घायल