कन्नौज। मोबाइल दुकान के संचालक से जालसाज ने 99 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद दुकानदार को इस बाबत जानकारी हुई। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
शहर के मोहल्ला छिपट्टी निवासी कपिल कुमार की मोबाइल की दुकान है। रविवार को कपिल ने 970 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी की थी। इसके बाद इनके पास एक नंबर से फोन आया। कॉलर ने भेजे गए लिंक को कॉपी कर गूगल पर डालने के लिए कहा। कपिल जालसाज की बातों में आ गए। लिंक को कॉपी कर गूगल पर डाला। कुछ देर बाद खाते से 99 हजार रुपये कट गए। मोबाइल पर रुपये कटने का मैसेज आते ही होश उड़ गए।
रविवार रात 11 बजे कोतवाली पहुंच कर पीड़ित ने जालसाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाल विकास राय ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।