छिबरामऊ/सिकंदरपुर। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर का वॉल्व तोड़ छह ड्रम तेल चोरी कर लिया गया। इससे क्षेत्र के 34 गांवों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जेई ने मामले की तहरीर दी है। वहीं जिस विद्युत उपकेंद्र में चोरों ने ट्रांसफार्मर से छह ड्रम तेल चोरी किया, उसकी दूरी पुलिस चौकी से महज पांच सौ मीटर दूर है।
33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सिकंदरपुर में तैनात उमेश कुमार वर्मा ने बताया कि यहां दस एमवीए व पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर स्थापित हैं। गुरुवार की सुबह दस बजे उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ अशोक कुमार ने उनको दस एमवीए के ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने की सूचना दी। उन्होंने ट्रांसफार्मर को चेक किया तो कंजरवेटर टैंक में लगा मीटर खाली दिखा।
ऑयल वॉल्व टूटा हुआ था और लगभग छह ड्रम तेल निकाला गया था। इससे ट्रांसफार्मर बंद है और उससे संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित है। सूचना पाकर चौकी इंचार्ज आलोक सिंह मौके पर पहुंच गए और कर्मचारियों से मामले की जानकारी ली। जेई ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने के बाद दीपकपुर फीडर के 24 व हरीनगर फीडर के दस गांवों में आपूर्ति बाधित हो गई है। जिस विद्युत उपकेंद्र में चोरों ने ट्रांसफार्मर से छह ड्रम तेल चोरी किया, उसकी दूरी पुलिस चौकी से महज पांच सौ मीटर दूर है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या स्थानीय पुलिस गश्त में रुचि नहीं दिखा रही है या फिर चोर बेखौफ होकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। इस संबंध में कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले की जांच के लिए चौकी इंचार्ज को भेजा गया है।
इनसेट
शुक्रवार की शाम तक शुरू हो पाएगी आपूर्ति
बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के टेस्टिंग के लिए टीम को बुलाया गया है। शुक्रवार की शाम तक टेस्टिंग का काम पूरा हो पाएगा, जिसके बाद ही आपूर्ति बहाल हो सकेगी।
इनसेट
हाईवे निर्माण का काम भी बाधित
दस एमवीए ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने के बाद हाईवे के चौड़ीकरण के कार्य में लगी कंपनी जीआर इंफ्रा में जाने वाली आपूर्ति भी बाधित हो गई। इसका असर चौड़ीकरण के कार्य पर पड़ा है।