गुरसहायगंज(कन्नौज)। फल आढ़ती के घर आठ लाख की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। फल आढ़ती के बेटे ने ही आठ लाख रुपये पार कर किए थे। कानपुर में जाकर दोस्तों को न्यू ईयर की पार्टी देकर सारे रुपये खर्च कर दिए।
कस्बे के चौराहा स्थित फल आढ़ती मोहम्मद अनवार के घर में पांच जनवरी की रात चोरी हो गई थी। आठ जनवरी को अलमारी तोड़कर आठ लाख रुपये की चोरी की अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। फल आढ़ती ने पुलिस को बताया था कि उनके बेटे जैवी के कमरे में अलमारी में आठ लाख रुपये रखे थे। बेटा 31 दिसंबर से कानपुर में रह रहा है। मामले की जांच में जुटी पुलिस को घटना संदिग्ध महसूस हुई।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में किसी भी प्रकार की गतिविधि नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने आढ़ती के बेटे जैवी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। इस पर उसने स्वीकार किया कि आठ लाख रुपये खुद चुराए थे। परिजनों को गुमराह करने के लिए अलमारी तोड़ दी थी, जिससे उसके कानपुर जाने के बाद चोरी की घटना प्रतीत हो सके।
चौकी प्रभारी प्रेम सिंह राजपूत ने बताया कि अनवार के बेटे ने बताया कि नए साल में वह कानपुर गया और दोस्तों के साथ मौज मस्ती की, जिसमें उसने सारे रुपये खर्च किए। वहीं आढ़ती ने बताया कि व्यापार का पूरा रुपया बेटे के पास रहता था। करीब दो माह से बेटे ने हिसाब नहीं दिया था। फिलहाल वह किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं चाहते है।