मानीमऊ में वाहनों की जांच करती पुलिस।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। कानपुर के चौबेपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करने वाले हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे की तलाश में पुलिस अलर्ट है। दूसरे दिन भी जिले की सभी सीमाएं सील रहीं। कानपुर से आने वाले वाहनों की तलाशी लेने के साथ संदिग्धों से पूछताछ की गई। खुफिया विभाग के अफसर भी गोपनीय ढंग से जांच पड़ताल कर रहे हैं।
एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह के निर्देश पर शनिवार को सभी कोतवाली प्रभारी अलर्ट रहे। खासतौर पर मानीमऊ बार्डर, ठठिया में सुर्सी सीमा और उमर्दा इलाके में पुलिस चौकन्नी रही। मानीमऊ में तिखवा गांव के पास पुलिस टीम कानपुर से आने वाली बस, कार से लेकर बाइक सवारों की तलाशी ली। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर आईडी भी चेक की। एसपी ने बताया कि 24 घंटे पुलिस अलर्ट है। बैरियर लगाकर हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे की तलाश में चेकिंग की जा रही है।
एसटीएफ के छापा मारने की अफवाह
हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे की मानीमऊ के तिखवा, शहर के मोहल्ला मकरंदनगर, छिबरामऊ और गुरसहायगंज के नदसिया में रिश्तेदारी है। इससे शनिवार शाम को लोगों ने जिले के कई स्थानों पर एसटीएफ की छापेमारी की अफवाह फैला दी। सीओ सदर श्रीकांत प्रजापति ने बताया कि लोग अफवाह फैला रहे हैं। एसटीएफ की ओर से छापा नहीं मारा गया है।
सीओ तिर्वा और एसएसआई की टीम भी जुटी
हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी के लिए जिले के भी पुलिस अफसरों को कानपुर में लगाया है। तिर्वा सीओ दीपक दुबे और सदर कोतवाली में तैनात वरिष्ठ उप निरीक्षक एनएल सिंह की टीमें विकास दुबे की तलाश कर रही हैं। एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि जिले से भी पुलिस अधिकारियों को कानपुर भेजा गया है।