मानीमऊ। लॉकडाउन में बाहरी लोगों का प्रवेश रोकने के लिए कुछ लोगों ने गांव में बैरीकेडिंग कर दी, जिसका विरोध पर दो पक्षों में गाली-गलौज के बाद धारदार हथियार चलने लगे। इसमें एक पक्ष से तीन लोग घायल हो गए। एक व्यक्ति के अंगुलियां कट गईं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद गांव में दहशत के साथ तनाव बढ़ गया। एसपी अमरेंद्र प्रसाद के आदेश पर गांव में पीएसी तैनात कर दी गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के तेरामल्लू में शनिवार को कुछ लोगों ने कोरोना के चलते गली में बल्लियों से बैरिकेडिंग कर दी। रविवार शाम गांव के जाहर हुसैन, शाहर हुसैन, शमसाद और जुफ्किार बैरीकेडिंग हटाने लगे। रवि और रौनक कटियार ने विरोध किया। दोनों पक्षों में गाली-गलौज होने लगा। गांव के लोगों ने मामला शांत करा दिया। सोमवार सुबह दोनों पक्षों में फिर से गाली-गलौज होेने लगा।
देखते ही देखते लोग धारदार हथियार लेकर आ गए और एक दूसरे पर हमला बोल दिया। रामशरन के हाथ की चार अंगुलियां कट गईं। रवि और रौनक के सिर में चोर्टें आइं। जानकारी पर सदर कोतवाल नागेंद्र कुमार पहुंच गए और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने तहरीर नहीं दी है। मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।