छिबरामऊ। कुंवरपुर बनवारी के बरात घर में गांव के एक व्यक्ति ने अतिक्रमण कर लिया है। निकास भी यहीं से कर लिया है। ग्रामीणों ने एसडीएम से अतिक्रमण हटवाए जाने की मांग की है।
कुंअरपुर बनवारी में ग्राम समाज की जमीन पर बने बरात घर पर गांव के वीरेंद्र उर्फ वीरे जाटव पुत्र स्व. गुलाब सिंह ने कब्जा कर लिया है। ग्रामीणों ने कई बार कहा, इसके बाद भी कब्जा नहीं छोड़ा। गांव के संजीव दीक्षित छोटे ने बताया कि बरात घर की जरूरत पड़ने पर लोगों को अवैध कब्जे के चलते इधर-उधर जगह तलाशनी पड़ती है। उन्होंने बताया कि कुछ माह पहले भी वीरेंद्र ने अवैध कब्जा कर लिया था। एसडीएम गौरव शुक्ला से शिकायत के बाद बरात घर को कब्जा मुक्त कराकर बाउंड्री करा दी गई थी। कुछ दिन पहले इन्होंने बरात घर से घर की निकासी की व्यवस्था कर ली। यहां जानवर बांधने लगे। जानवर बंधने से यहां गंदगी फैली रहती है। बरात घर पर कब्जे से गुस्साए राजाराम जाटव, राजबहादुर, पवन, मानू दीक्षित व पंजाबी शुक्ला ने विरोध प्रदर्शन किया। इन्होंने कब्जा मुक्त कराए जाने की मांग की है।
एसडीएम गौरव शुक्ला ने बताया कि बरात घर पर कब्जे की शिकायत मिली है। यह ग्राम सभा के अंतर्गत आता है। बीडीओ व सचिव को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। बरात घर पर कब्जा मिला तो हटवाया जाएगा। ग्राम प्रधान से वार्ता हुई थी। उन्होंने अवैध कब्जे की बात सिरे से नकार दी।