छिबरामऊ। आलू के पैकेट के बीच शराब लादकर ले जा रही ट्रैक्टर-ट्राली को बुधवार रात पुलिस ने पकड़ लिया। यह शराब लदी ट्राली आठ किलोमीटर की दूरी तय कर थाने नहीं पहुंच पाई। अब पुलिस शराब लदी ट्राली पकड़े जाने से इनकार कर रही है। इलाके के लोगों में शराब लदी ट्रैक्टर ट्राली गायब हो जाना चर्चा का विषय बना हुआ है।
विशुनगढ़ पुलिस ने बुधवार रात एक बजे के लगभग मुखबिर की सूचना पर माधौनगर गांव के पास आलू लदी ट्रैक्टर ट्राली को रोक लिया। ट्राली में लदे आलू के पैकेट हटाने पर बीस पेटी शराब मिली। माधौनगर से विशुनगढ़ की दूरी महज आठ किलोमीटर है। प्रत्यक्षदर्शी लोगों के अनुसार पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को ट्राली सहित विशुनगढ़ थाने पहुंचने के निर्देश दिए। आधी रात से सुबह तक ट्राली विशुनगढ़ नहीं पहुंची। अब पुलिस शराब की पेटी लदी ट्राली पकड़े जाने से ही इनकार करने लगी है। इस संबंध में सीओ शिव कुमार थापा ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। फिर भी जांच कराई जाएगी।