कन्नौज। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास दिलाने के नाम पर चार जरूरतमंदों से 62 हजार ठगने वाले गैंग के दो सदस्यों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। बाकी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी। यह नहीं मिले।
ठठिया थाना क्षेत्र के पछायेपुर्वा निवासी लालाराम ने बताया कि पड़ोसी गांव शाहपुर निवासी प्रेमचंद्र व सर्वेश कुमार उसके पास आए थे। इन्होंने पीएम आवास योजना ग्रामीण का लाभ दिलाने के नाम पर उनसे, गांव के राजेश कुमार, संजीव कुमार, अमर सिंह से 62 हजार रुपये ले लिए। अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर से प्रमाण पत्र दे दिया। आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्रों की सूची में नाम न आने पर इनसे पूछताछ की। यह टालमटोल करते रहे। बाद में रुपये देने से मना कर दिया। ग्रामीणों ने इस मामले की ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक सुशील कुमार सिंह से शिकायत की। उन्होंने पूरे मामले की जांच की। इसमें मामला सही पाया गया। परियोजना निदेशक के निर्देश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने फर्जीवाड़ा करने वाले आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
परियोजना निदेशक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों ने ठगी करने के बाद ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना का पत्र दिया है। यह आय व मूल निवास प्रमाण पत्र देने में दिया जाता है। इसमें क्रमांक का मिलान किया गया तो आखिरी के अंक में गड़बड़ी मिली। उनका मानना है कि यह कार्य किसी जन सुविधा केंद्र के माध्यम से किया गया है। इससे इस कार्य में अन्य लोग शामिल हो सकते हैं।
ठगी करने वाले आरोपियों ने पात्रों को आवास स्वीकृत कर पत्र दिया है। इसमें सदर एसडीएम के हस्ताक्षर फर्जी हैं। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने इससे पहले कन्नौज शहरी क्षेत्र में इस तरह की गड़बड़ी की है। इसके बाद गांव में लोगों को ठगा।