छिबरामऊ। ग्राम मिघौली में डीजे बॉक्स गिरने से हुई बच्ची की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते पुलिस बल मुस्तैद कर दिया गया था। पुलिस की मौजूदगी में मृतका का अंतिम संस्कार किया गया।
शनिवार की देर सायं लगभग 9 बजे ग्राम मिघौली निवासी नसीम पुत्र शौकत अली के घर लड़के की छठी कार्यक्रम में बज रहे डीजे का बाक्स गिरने से रंजीत प्रजापति की पुत्री राधिका (9) घायल हो गई थी। सौ शय्या अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार की सायं विशुनगढ़ थाने में मृतका के पिता रंजीत प्रजापति की तहरीर पर पुलिस ने नसीम व शमीम पुत्र शौकत अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इस बीच तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात करवाया गया था। दोपहर बाद पीएम के बाद शव को गांव लाया गया, जहां पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। उधर दूसरी तरफ मासूम की मौत के बाद आरोपी पक्ष के लोग घर में ताला डालकर भाग गए। सीओ शिव कुमार थापा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगा दिया गया है। शीघ्र ही दोनों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया जाएगा।