कन्नौज। क्षेत्र के नारायनपुर्वा में राजमिस्त्री के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ित की मां और भाई ने आरोप लगाया कि बेखौफ घूम रहे आरोपियों ने मुकदमा वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी है।
सदर कोतवाली की कुसुमखोर चौकी के गांव नारायनपुर्वा में 25 जून को तगादे को लेकर विजय पाल, उसकी पत्नी मुन्नी देवी, बेटा विपिन और छोटे भाई की पत्नी संध्या ने राममिस्त्री जयवीर (35) की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस अभी तक सिर्फ विजय को गिरफ्तार कर जेल भेज पाई है। शुक्रवार को जयवीर की मां छबीली देवी और भाई रणवीर ने एसपी प्रशांत वर्मा को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बताया कि बाकी के आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं। मुकदमा वापस न लेने पर हत्या करने की धमकी दी है। इससे वे लोग दहशत में हैं। एसपी ने कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे को आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं।