कन्नौज। तालग्राम में उल्टी-दस्त से सगी बहनों समेत तीन की मौत के बाद स्वास्थ्य महकमे ने झोलाछाप के खिलाफ अभियान चला दिया। मंगलवार को चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है और एक को नोटिस जारी किया गया है।
सोमवार को तालग्राम में तीन लोगों की मौत और कई अन्य के डायरिया से पीड़ित होने का पता चलने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर गए थे। इस दौरान पता चला था कि उल्टी-दस्त से परेशान कई लोग झोलाछापों के पास उपचार करा रहे हैं। इस पर एक झोलाछाप की दुकान सोमवार को ही सील कर दी गई थी।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश शुक्ला ने बताया कि तालग्राम के बिरौली निवासी राहुल, जैरकिला में इमरान, इंदरगढ़ रोड पर अनुज कुमार और बड़ा बाजार रोड पर केपी विश्वास क्लीनिक चला रहे थे। जांच के दौरान ये लोग न तो कोई डिग्री दिखा पाए और न ही क्लीनिक चलाने से जुड़े अभिलेख। उन्होंने बताया कि इन चारों के खिलाफ तालग्राम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसके अलावा कटरा मोहल्ला निवासी तौकीर को नोटिस दिया गया है। तौकीर की मां के बीमार होने के कारण उन्हें अभिलेख दिखाने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है।