कन्नौज। वर्दी के रौब में बेअंदाज पुलिस कर्मी ने तीन पुत्रों और एक महिला के साथ शहर में रहने वाली एक महिला के मकान के बाहर उपद्रव किया। महिला से गाली गलौज कर धारदार हथियारों से वार कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एक को नामजद करते हुए एक अज्ञात महिला समेत पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली महिला कानपुर में एक प्राइवेट फैक्टरी में काम करती है। आरोप है कि रविवार को वह घर पर थी। इसी दौरान ठठिया थाना क्षेत्र के रूरा निवासी और इन दिनों हरदोई में तैनात सिपाही कमर उर्फ मामा अपने तीन पुत्र और एक महिला के साथ लग्जरी कार से आ गए। वर्दी का रौब दिखाकर पहले तो पांचों लोगों के साथ दरवाजे के बाहर गाली गलौज की। विरोध करने पर धारदार हथियार से घायल कर दिया। आरोप है कि कमर ने काफी देर तक उपद्रव किया। पूरी घटना को पड़ोसियों ने भी देखा। पीड़िता की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने ठठिया थाना क्षेत्र के रूरा गांव निवासी कमर उर्फ मामा, उसके तीन पुत्र और एक अज्ञात महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सदर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।