गुरसहायगंज। बदायूं जनपद के गुलइया निवासी सुरेश चंद्र एक ईंट भट्ठे पर मुनीम हैं। उनके साढ़ू पप्पू कन्नौजिया इंदरगढ़ में रहते हैं। पप्पू की पुत्री की शादी रविवार को थी। इसमें शामिल होने के लिए दोपहर को पत्नी वंदना और साली कल्पना के साथ स्थानीय चौराहे से ई-रिक्शा पर सवार होकर तिर्वा रोड स्थित इंदरगढ़ बस अड्डे पर जा रहे थे। रास्ते में एक और व्यक्ति उसके पास आकर बैठ गया।
आरोप है कि इस व्यक्ति ने सुरेश की जेब काटकर 20 हजार रुपये पार कर दिए और पत्नी वंदना की डेढ़ तोला वजन की सोने की जंजीर भी उड़ा दी। बस अड्डे पर पहुंचने पर उसे जेब कटने की जानकारी हुई और तभी पत्नी की चेन पार किए जाने का पता चला। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। (संवाद)