कन्नौज। सहायक अध्यापक ने शिक्षिका से अश्लील हरकतें कर छेड़खानी की। शिक्षिका ने सदर कोतवाली में शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि सहायक अध्यापक करीब 10 माह से उसे परेशान कर रहा है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन तैनात एक विवाहित शिक्षिका ने सदर ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में तैनात कानपुर के नौबस्ता निवासी सहायक अध्यापक रामप्रकाश पर अश्लील हरकतें और छेड़खानी करने का आरोप लगाते हुए सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि करीब 10 माह से शिक्षक उसे तंग कर रहा है। 12 मई को कई लोगों के सामने उसने छेड़खानी की। डीएम, एसपी से लेकर उसने बीएसए को शिक्षक के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया। इस पर पैर छूकर उसने माफी मांग ली। इससे उसने माफ कर दिया, लेकिन इसके बाद भी हरकतों में सुधार नहीं हुआ। इससे अब उसने रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ शिव प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पति को जेल भिजवाने की दी धमकी
पीड़िता ने बताया कि आरोपी शिक्षक ने धमकी दी कि उसका भाई क्राइम ब्रांच में है। अगर पुलिस कार्रवाई की तो उसके पति पर फर्जी मुकदमा लगवाकर उसे जेल भिजवा देगा। पीड़िता ने कहा कि 15 जून से विद्यालय खुल रहा है। उसकी और उसके पति की जान को खतरा है।