तिर्वा/ठठिया (कन्नौज)। दिल्ली से गोरखपुर जा रही डीसीएम रविवार रात एक्सप्रेसवे पर पलटे पड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में हेल्पर की मौत हो गई, जबकि चालक का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर थाना ठठिया के सतार पट्टी के पास रविवार रात ट्रक पलट गया था। मुरादाबाद के थाना मुंडा पांडे के गांव खवारिया निवासी ट्रक चालक परम और हेल्पर फरुखान (29) मामूली रूप से चुटहिल हो गए थे। कुछ देर बाद फिरोजाबाद थाना सिरसागंज सहरुख निवासी डीसीएम चालक अल्केश (30), हेल्पर नितिन (25) के साथ मेडिकल का सामान लाद कर दिल्ली से गोरखपुर जा रहे थे। इस दौरान डीसीएम पलटे पड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में डीसीएम चालक अलकेश और हेल्पर नितिन घायल हो गए।
यूपीडा सहायक सुरक्षा अधिकारी ने ओमप्रकाश सिंह ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, यहां चिकित्सकों ने नितिन को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी प्रयाग नारायन वाजपेयी ने बताया कि मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना फोन पर दी गई है।