छिबरामऊ। क्षेत्र के ग्राम लड़ैता में घरेलू कलह से तंग आकर युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह परिजनों ने जब उसके शव को लटका हुआ देखा तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के ग्राम लड़ैता निवासी मुकेश कुमार (32) ने गुरुवार रात कमरे में अंगौछे से फांसी लगा ली। शुक्रवार की सुबह परिजनों ने उसका शव लटकता हुआ देखा तो सब गमगीन हो गए। परिजनों ने शव को फंदे से नीचे उतार लिया और जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर एसएसआई रावेंद्र कुमार मिश्रा मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि मुकेश खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी पूजा के अलावा तीन बेटा व एक बेटी है। परिजन कलह के चलते युवक के फांसी लगाने की बात कह रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में एसएसआई रावेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।