छिबरामऊ। तड़के घर से निकले टैक्सी चालक का शव आम के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटकता मिला। आत्महत्या का कारण परिजन नहीं पता पाए हैं। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के ग्राम नगला जैसी अकबरपुर निवासी संदीप कुमार पाल (29) दिल्ली में रहकर टैक्सी चलाता था। वह कुछ दिन पहले ही गांव लौटकर आया था। बुधवार की सुबह चार बजे के करीब वह घर से निकल आया। छह बजे के करीब उसका शव फूटी मस्जिद के पास जावेद के घर के बाहर खड़े आम के पेड़ पर अंगौछे से झूलता हुआ लोगों ने देखा। मामले की जानकारी पाकर एसएसआई रावेंद्र कुमार मिश्रा, सिटी इंचार्ज योगेंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। संदीप की मौत की सूचना पर परिजन भी आ गए। परिजनों ने बताया कि संदीप शराब का लती था और आए दिन अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। वह दो भाइयों में छोटा था। उसके शव पर मां रामकेसरी, पत्नी मीना व बेटे नितिन और ऋषभ का रो-रोकर बुरा हाल था। कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सही कारण सामने आ जाएगा।