दो दिन बाद रविवार को चिरैयागंज में खुली दुकानें। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार रात मोहल्ला चिरैयागंज में दो समुदायों के बीच हुए बवाल के बाद रविवार को माहौल शांत रहा। इस बीच पुलिस की मुस्तैदी से आश्वस्त स्थानीय व्यापारियों ने दुकानें भी खोलीं। उधर, दूसरी ओर पुलिस ने घटना में नामजद एक युवक समेत पांच को जेल भी भेज दिया है।
शुक्रवार देर रात मोहल्ला नखासा निवासी अमरनाथ और चिरैयागंज निवासी आफाक के बीच मामूली विवाद के बाद माहौल गरमा गया था। विवाद ने सांप्रदायिक रूप ले लिया था और पथराव व फायरिंग हो गई थी। अमरनाथ की तहरीर पर पुलिस ने 21 लोगों को नामजद करते हुए दस अज्ञात लोगों पर भी बलवा, जानलेवा हमला आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी।
शनिवार को चिरैयागंज की अधिकतर दुकानें बंद रहीं थीं और माहौल तनावपूर्ण था। आईजी प्रशांत कुमार ने भी शनिवार को शहर का भ्रमण किया था और फिर मातहतों के साथ बैठक की थी। कुल मिलाकर पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों की आपसी सूझबूझ से इलाके में शांति रही। रविवार को चिरैयागंज की अधिकतर दुकानें खुली रहीं। पुलिस लगातार इलाके में गश्त करती रही। इसके अलावा पुलिस ने घटना में नामजद छक्कन और प्राथमिक विवेचना में आरोपी पाए गए नियास, जुल्फिकार, फैसल और समीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जाना था हनीमून पर पहुंच गए जेल
घटना में नामजद किए गए छक्कन के निकाह के बाद वलीमा शुक्रवार की रात ही था। इसी दौरान विवाद हो गया और छक्कन भी मौके पर पहुंच गया। जब पीड़ित अमरनाथ ने रिपोर्ट दर्ज कराई तो छक्कन को भी नामजद किया गया। छक्कन निकाह के बाद पत्नी के साथ घूमने जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन वह जेल पहुंच गया।
चिरैयागंज मोहल्ले में विवाद करने वाले आरोपियों को न्यायालय में पेश करने को ले जाती पुलिस। संवाद- फोटो : KANNAUJ