तिर्वा। खेत में बकरियां चरा रही किशोरी के साथ युवक व उसके साथी ने छेड़छाड़ कर दी। किशोरी के विरोध करने पर आरोपी एसिड फेंकने व दुष्कर्म करने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी शख्स ने बताया कि 30 अप्रैल को उसकी 16 वर्षीय पुत्री खेत में बकरियां चरा रही थी। उसी दौरान कोतवाली क्षेत्र के पतरियनपुर्वा गांव निवासी सुमित अपने साथी शिवम के साथ खेत पर पहुंच गया और उसकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध किया तो इन लोगों ने उसे गालियां देते हुए पीट दिया। इन लोगों ने पुुत्री पर एसिड फेंकने व दुष्कर्म कर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। जब पीड़िता के पिता ने उसके परिजनों से शिकायत की तो सभी उसे गालियां देने लगे। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाल रामअवतार ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।