किसान राजाराम (फाइल फोटो)। संवाद
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ/सिकंदरपुर। सब्जी लेकर शुक्रवार तड़के मंडी जाते समय किसान की साइकिल में तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शुक्रवार की सुबह पांच बजे के करीब सिकंदरपुर क्षेत्र के ग्राम चिलमिलैया निवासी किसान राजाराम (48) साइकिल से सब्जी लेकर सराय दौलत स्थित मंडी जा रहे थे। जैसे ही वे जीटी रोड पर ग्राम हसनापुर के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार किसान राजाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार भी चुटहिल हो गया। किसान की मौत की सूचना पाकर परिजन व चौकी इंचार्ज विनोद कश्यप मौके पर पहुंच गए। किसान के शव पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
उपचार के लिए जाते समय गायब हुआ बाइक सवार
जीटी रोड पर ग्राम हसनापुर के पास हुए हादसे में साइकिल सवार किसान की मौत हो गई जबकि बाइक सवार भी चुटहिल हो गया। ग्रामीणों ने घायल बाइक सवार को टेंपो में बैठाकर छिबरामऊ सौ शैया अस्पताल के लिए रवाना कर दिया लेकिन बाइक सवार कहां गया और यह कौन था, इसकी जानकारी किसी के पास नहीं है। युवक की बाइक भी घटनास्थल पर ही पड़ी थी।