कन्नौज। दहेज में बाइक और ढाई लाख रुपये न मिलने पर दूल्हे ने बरात लाने से इंकार कर दिया। दुल्हन ने बरात न आने पर जहर खकर जान देने की धमकी दी। पुलिस ने दूल्हे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली किसान ने बेटी की शादी मैनपुरी के रानीपुर कुर्रा निवासी आकाश सिंह उर्फ छोटू से तय की थी। 20 अक्तूबर 2021 को सगाई रस्म के बाद दोनों पक्षों ने 27 अप्रैल 2022 को शादी की तारीख निर्धारित की थी। आरोप है कि बुधवार की रात दूल्हे आकाश ने फोन कर ढाई लाख रुपये और बाइक दहेज में देने की मांग की। इस पर लड़की के पिता ने कम समय में रुपयों का इंतजाम न होने की बात कही तो आकाश सिंह ने बरात लाने से इंकार कर दिया। जानकारी होने पर दुल्हन ने बरात न आने पर आत्महत्या करने की धमकी दी। पुलिस ने आकाश सिंह और उसके माता-पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। सीओ सदर शिव प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू की गई है। बरात न लाने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।