सौरिख। करीब 20 दिन पहले दावत खाने गए युवक का शव दूसरे दिन गांव के बाहर एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला था। मृतक के भाई ने गांव की एक महिला समेत चार लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
ग्राम कुल्लू खेड़ा निवासी वीरपाल 28 मार्च को गांव के ही एक युवक के साथ पड़ोसी गांव अलीपुर में दावत खाने गया था। दूसरे दिन वीरपाल का शव गांव के बाहर शीशम के पड़े पर लटका मिला था। सोमवार को मृतक के भाई बृजपाल सिंह ने थाने में तहरीर दी। बताया कि गांव की एक महिला ने उसके भाई से 60,000 रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि महिला ने अपने परिजनों के साथ मिलकर वीरपाल की हत्या कर दी और शव को फंदे से लटका दिया। प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)