छिबरामऊ। परीक्षा देकर घर लौट रहे छात्रों की तेज रफ्तार बाइक खंभे से टकरा गई। हादसे में दो छात्राओं सहित तीन लोग घायल हो गए। एक छात्र को गंभीर हालत में सौ शैया अस्पताल से सैफई के लिए रेफर कर दिया गया।
क्षेत्र के ग्राम रैपुरा निवासी रंजना (18) पुत्री शिशुपाल सिंह, नेटू (25) पुत्री वीरेंद्र सिंह, ग्राम तलैया नगला कमालगंज निवासी बंटू (20) पुत्र अहिबरन सिंह के साथ बाइक से चतुरीपुर परीक्षा देने के लिए गए थे। लौटते समय जैसे ही वे ररुआ गांव के पास पहुंचे, तभी उनकी तेज रफ्तार बाइक खंभे से जा टकरा गई। हादसे में तीनों छात्र-छात्राएं घायल हो गईं। बाइक चला रहे बंटू ने हेलमेट नहीं पहना था। तीनों को सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बंटू को गंभीर हालत में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि तीनों इंटरमीडिएट के छात्र हैं और अंग्रेजी का पेपर देने के लिए चतुरीपुर गांव गए थे।