छिबरामऊ। डग्गामार वाहन में प्रधानाध्यापिका के साथ टप्पेबाजों ने टप्पेबाजी कर दी। जीटी रोड पर हुई वारदात में टप्पेबाजों ने बैग से जेवरात और पांच हजार रुपये उठाए और चेन में फेवीक्विक डाल दिया।
नगर के मोहल्ला ग्रेसीगंज निवासी स्वर्णलता उर्फ सोनी प्राथमिक विद्यालय नौगांई में प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार को वे बेटा व दो बेटियों के साथ मायके में सुंदरकांड पाठ में शामिल होने के लिए कानपुर जा रही थीं। पश्चिमी बाईपास पर वे वाहन के इंतजार में खड़ी थीं, तभी एक डग्गामार गाड़ी बेवर की तरफ से आईं। वे बच्चों के साथ गाड़ी में बैठ गईं, हालांकि वह गाड़ी का नंबर नहीं देख पाई थीं। चालक ने उन्हें फर्रुखाबाद चौराहे पर उतार दिया। गाड़ी में रखे बैग से किसी ने एक सोने की चेन, मंगलसूत्र, एक अंगूठी, एक जोड़ी पायल व पांच हजार रुपये पार कर दिए और बैग की चेन पर फेवीक्विक डालकर उसे चिपका दिया। जब तक वह बैग को देख पाती, चालक गाड़ी को लेकर बेवर की तरफ भाग गया। पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से मामले की शिकायत की है।