सौरिख। गांव के बाहर खड़े शीशम के पेड़ से युवक का शव लटका हुआ मिला। जानकारी होने पर परिजनों में कोहमराम मच गया। मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ग्राम कुल्लू खेड़ा निवासी वीरपाल (32) दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। होली पर वह गांव लौटा था। मंगलवार की सुबह गांव के बाहर खड़े एक शीशम के पेड़ से अंगौछे से वीरपाल का शव लटका हुआ देख गांव के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर इंचार्ज थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह यादव ने परिजनोें की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। मृतक के भाई सीटू ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इंचार्ज थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझ सकेगी। उसके बाद ही आगे कार्रवाई की जाएगी।