कन्नौज। कानपुर नगर के बिल्हौर कोतवाली के अरौल में सराफा कारोबारी के घर डकैती डालने वाले गिरोह में शामिल डाकू के घर पुलिस ने नोटिस चस्पा की। जल्द हाजिर न होने पर डकैत के घर की कुर्की की जाएगी।
कानपुर नगर के बिल्हौर कोतवाली के मकनपुर रेलवे स्टेशन के पास रहने वाली सराफा कारोबारी अलका सिंह के मकान में 14 जून 2020 को बदमाशों ने डाका डाला था। घर के लोगों को बंधक बनाकर लाखों रुपये समेत करीब दो करोड़ के जेवर लूट लिए थे। गिरोह में शामिल डकैतों में शहर के बगिया फजल इमाम निवासी शंकर वाल्मीकि भी था। वारदात के बाद से वह फरार चल रहा है।
कानपुर पुलिस ने उस पर 20 हजार का इनाम भी रखा है। बुधवार रात पहुंची बिल्हौर पुलिस ने डकैत शंकर के दरवाजे पर नोटिस चस्पा की। बिल्हौर थाना प्रभारी धनेश कुमार ने बताया कि शंकर के 42 दिन तक हाजिर न होने पर घर की कुर्की की जाएगी।