पुलिस से शिकायत करती पीड़िता नीतू। संवाद
- फोटो : CHIBRAMAU
सौरिख। इलाके के कस्सा रामपुर गांव में पड़ोसियों के साथ होली खेलने के दौरान पत्नी की नाक की नथुनी गिर गई। नाराज पति ने पत्नी की नाक काट ली। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। महिला को मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर किया गया है।
थाना क्षेत्र के कस्सा रामपुर गांव निवासी नीतू होली के दिन गांव के पड़ोसियों के साथ होली खेल रही थी, तभी नाक की नथुनी गिर गई। इसकी जानकारी मिलते ही पति दीपू बाथम ने पत्नी के साथ मारपीट कर दी। वहां मौजूद लोगों ने मामले को शांत करा दिया, लेकिन पति ने मंगलवार सुबह फिर पत्नी को पीटा। नथुनी गिरने की बात कहकर दांतों से नाक काट ली। इससे नीतू बेहोश होकर गिर पड़ी। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायल नीतू को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से महिला को मेडिकल कॉलेज तिर्वा के लिए रेफर किया गया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर दीपू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस ने दिया महिला को किराया
सीएचसी की ओर से घायल महिला को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। महिला के साथ केवल बच्ची आशिकी, चांदनी व कामिनी थी। परिवार का कोई साथ न होने से पीड़ित महिला अस्पताल से लेकर थाने तक मेडिकल कॉलेज जाने के लिए भटकती रही। महिला ने बताया कि उसके पास किराये के लिए रुपये भी नहीं हैं। यह सुनकर पुलिस ने पीड़ित महिला को किराया मुहैया कराया है।