तिर्वा। चोरों ने दारोगा के बंद मकान से नकदी समेत लाखों के जेवरात पार कर दिए। कोतवाली क्षेत्र के उमरायपुर्वा गांव निवासी समर बहादुर ने बताया कि उसका भतीजा धनंजय सिंह पुलिस में दारोगा के पद पर हमीरपुर के कुरारा थाना में तैनात है। इनका मकान कस्बे के आंबेडकर नगर में है, जहां पर उनकी मां सत्यवती रहती हैं।
होली पर सत्यवती मकान में ताला लगाकर होली मनाने धनंजय के पास हमीरपुर चली गई थीं। मौका पाकर चोरों ने मकान का ताला तोड़ दिया। रविवार को जब सत्यवती आईं तो ताला टूटा देखा। इसके बाद मोबाइल पर भतीजे धनंजय से बात की, तो उसने बताया कि अलमारी में 50 हजार रुपये, चार सोने के कंगन, तीन अंगूठी, दो कुंडल, दो जोड़ी पायल समेत अन्य जेवरात रखे हुए थे।
धनंजय के बताए हुए स्थान पर जाकर देखा तो कुछ भी सामान नहीं मिला। इससे घटना की तहरीर कोतवाली में दे दी है। कोतवाल नरेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।