कन्नौज। महाशिवरात्री पर बाबा गौरीशंकर मंदिर में दर्शन करने गए परिवार के साथ वहां मौजूद कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पीड़ित परिवार ने मंगलवार दोपहर को ही युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई लेकिन अभी तक पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है।
चौधरीसराय मोहल्ले के रहने वाले सरस्वती विद्या मंदिर मकरंदनगर के शिक्षक अभिषेक दुबे ने बताया कि महाशिवरात्री के दिन बाबा गौरीशंकर मंदिर को परिवार के साथ दर्शन करने को गए हुए थे। इस दौरान मंदिर में मौजूद कुछ लोगों ने महिलाओं से धक्का-मुक्की की। विरोध करने पर गालीगलौज और मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान वह, उसकी बहन और बहनोई घायल हुए। पीड़ित परिवार ने कोतवाली पहुंचकर मारपीट करने वाले चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तहरीर दी थी। पर, एक दिन बीत जाने के बाद भी सदर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार दुबे ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है। चौकी इंचार्ज को जांच के लिए बोला गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।