तिर्वा। मनचलों से परेशान एक छात्रा ने कॉलेज जाना छोड़ दिया है। कॉलेज प्रशासन ने जब छात्रा के स्कूल नहीं आने की वजह पूछी तो पिता के परेशानी बताने पर मामला सामने आया। छात्रा ने पिता के साथ तिर्वा कोतवाली में महिला हेल्प डेस्क पर शिकायत भी दर्ज कराई है। इधर, मनचलों ने छात्रा के पिता को भी फोन पर धमकी दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा कस्बे के एक महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। छात्रा के मुताबिक कॉलेज जाते समय पिछले एक महीने से कुछ मनचले उससे छेड़खानी करते हैं। छात्रा के पिता ने जब मनचलों के घर जाकर उनकी शिकायत की तो उन्हें भी फोन पर धमकी मिली। परेशान होकर छात्रा ने पढ़ाई बंद करके कॉलेज जाना छोड़ दिया है। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि जांच की जा रही हैं जल्द ही मनचलों पर करवाई की जाएगी।